Shorts Videos WebStories search

इंदौर में दूषित पानी पीने से उठ गई 17वीं अर्थी रिटायर्ड पुलिसकर्मी की हुई मौत

Sub Editor

whatsapp

Indore News : इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से फैल रही बीमारी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में अब एक और मौत की संख्या जुड़ गई है, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। ताजा मृतक की पहचान धार के शिव विहार क्षेत्र में रहने वाले रिटायर्ड पुलिसकर्मी ओमप्रकाश शर्मा, उम्र 69 वर्ष, के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार ओमप्रकाश शर्मा कुछ दिन पहले अपने बेटे से मिलने इंदौर पहुंचे थे। इसी दौरान 29 और 30 दिसंबर के बीच भागीरथपुरा क्षेत्र में चाय-नाश्ता करने और वहां का पानी पीने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे गंभीर होती चली गई।

हालत बिगड़ने पर 1 जनवरी को उन्हें इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। बेटे का कहना है कि 2 जनवरी को उनकी स्थिति और नाजुक हो गई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया। लगातार बिगड़ती हालत के चलते उन्हें दो दिनों तक वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार दोपहर करीब एक बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के बेटे ने प्रशासन और व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि इलाज के दौरान दवाइयों में करीब डेढ़ लाख रुपये और अस्पताल बिल में सवा लाख रुपये से अधिक खर्च हुए। इसके बावजूद प्रशासन ने यह कहकर उन्हें पीड़ितों की सूची में शामिल नहीं किया कि उनके पास इंदौर का स्थानीय आधार कार्ड नहीं है। बेटे ने सवाल उठाया कि बीमारी या संक्रमण किसी का आधार कार्ड देखकर नहीं आता।

वहीं इंदौर प्रशासन ने इस मौत को पांडेमिक से अलग मानते हुए सूची में शामिल करने से इनकार किया है। घटना के बाद से भागीरथपुरा और आसपास के क्षेत्रों में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मृतक ओमप्रकाश शर्मा का अंतिम संस्कार धार के मुक्तिधाम में किया गया।

हमें बेहद उम्मीद है की खबर आपको पसंद आई होगी। इस खबर को अपने दोस्तों और परिवारजनों सहित व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर करें।

इंदौर
Sub Editor

आदित्य खबरीलाल न्यूज़ पोर्टल में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर हैं।इन्हें डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष का अनुभव है।आदित्य टेक,ऑटो,मनोरंजन के साथ-साथ राजनीति, क्राइम और डेली इवेंट्स से जुड़ी खबरों में रुचि रखते हैं।आदित्य चौपाल से भोपाल, मध्यभूमि के बोल, एमपीब्रेकिंग, बुंदेली दर्शन सहित कई बड़ी न्यूज़ वेबसाइट के वेब डवलपर भी हैं। इन्हें आप 09977114944 पर संपर्क कर सकते हैं।