Shahdol Crime : शहडोल जिले के धनपुरी से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। प्रेमिका को पाने की सनक में एक युवक इस कदर अंधा हो गया कि उसने मासूमियत का गला घोंट दिया, सात साल के बच्चे को अपने रास्ते का कांटा मानकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई और शव को बंद पड़ी कोयला खदान में फेंक दिया गया।
मामला धनपुरी थाना क्षेत्र का है। आरोपी मोइशीन का झिल्ली दफाई क्षेत्र में मजदूरी करने वाली नंदनी कोल से प्रेम प्रसंग था, आरोपी नंदनी के साथ रहना चाहता था, लेकिन उसके दो छोटे बच्चे इस रिश्ते में बाधा बन रहे थे, इसी सनक में मोइशीन ने बच्चों को खत्म करने की साजिश रची और पहले सात वर्षीय ऋतिक कोल को निशाना बनाया,आरोपी मासूम ऋतिक को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बगैय्या नाला के पास स्थित बंद पड़ी कोयला खदान में ले जाकर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद बच्चे के शव को पानी से भरी खदान में फेंक दिया गया।
पांच दिनों से लापता बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कड़ी जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
वही इस पूरे मामले में धनपुरी एसडीओपी विकास पाण्डेय का कहना है कि प्रेमिका को पाने के लिए प्रेमी ने प्रेमिका के बेटे की हत्या कर फेंक दिया था, जिसे गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की गई है।










