जब आग की लपटें विकराल रूप ले रही थीं और दमकल अमला आग पर काबू पाने के लिए संघर्ष कर रहा था, तब बरही नगर के युवाओं ने भी मोर्चा संभाल लिया। मदन सोनी, कृष्णकांत ताम्रकार, पिंटू ताम्रकार सहित अन्य युवाओं ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने और राहत कार्य में सहयोग किया। इस भयावह स्थिति में युवाओं का साहस और मानवीय संवेदना काबिल-ए-तारीफ रही। एक ओर जहां पूरा नगर हादसे की भयावहता से स्तब्ध था, वहीं ये युवा पीड़ित परिवार की मदद के लिए लगातार जुटे रहे। रितेश और उनकी भाभी की बची जान, बाकी परिवार नहीं निकल पाया बाहर हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। बताया जाता है कि आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और बाहर की ओर भागे, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य आग और धुएं के बीच इमारत में ही फंसे रह गए।
मां की गोद में लिपटा था दो माह का मासूम
इस अग्निकांड का सबसे पीड़ादायक पहलू उस दो माह के मासूम की मौत है, जो अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल स्थित कमरे में था। मां की गोद में लिपटा वह नन्हा जीवन दुनिया को ठीक से समझ भी नहीं पाया था कि काल ने उसे परिवार सहित छीन लिया। वहीं चंद्रकला और परिवार की दोनों मासूम बेटियां भी इमारत के दूसरे हिस्से में फंस गईं। सुबह जब रेस्क्यू टीम ने उन्हें बाहर निकाला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

