ग्वालियर शहर में एक बार फिर गैंगस्टर भीमा यादव और उसके साथियों ने दुस्साहस दिखाया है। ASP और CSP कार्यालय के सामने दुकान पर परांठा खा रहे युवक पर बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। बदमाशो के एक साथी ने युवक को खाते वक्त धक्का मार दिया था। जिसे लेकर विवाद हो गया था। बदमाश भीमा पर कई संगीन अपराधिक मामले मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में दर्ज है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दरअसल मुरार के सीपी कॉलोनी निवासी सचिन शर्मा पर गुंडे भीमा और उसके साथियों ने थाटीपुर थाना क्षेत्र के एएसपी और सीएसपी कार्यलय के सामने बंदूक तानकर गोली मारने की धमकी दी है। इस दुसाहस से बाजार में दहशत फैल गई। सचिन दोस्त अरुण शर्मा, मामा राहुल दुबे और शुभम शर्मा के साथ परांठे खाने आया था। उस दौरान बदमाश भीमा यादव अपने साथी गप्पू यादव, रामू और एक अन्य के साथ वहां पहुँचा। जिसमें से गुंडों का एक साथी परांठे लेने पहुंचा। वहां सचिन को धक्का देते हुए निकला था। इस हरकत पर सचिन ने उसे टोका तो विवाद होने लगा। गुंडों ने कार से राइफल निकलीं उन्हें लोड कर सचिन के सीने पर रखकर गोली मारने की धमकी दी और फिर धमकी देकर गाड़ी में बैठकर चले गए।
इसके बाद फरियादी युवक सचिन ने थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने जब घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किये तो बदमाश बंदूक के साथ नजर आए। जिसकी पहचान गुंडा भीमा यादव के रूप में हुई। गुंडा भीमा यादव सात साल बाद फिर शहर में घुसकर पुलिस को चुनौती देकर निकल गया। भीमा यादव एमपी और यूपी पुलिस का सिरदर्द है। करीब सात साल पहले पेशी से लौटते वक्त ग्वालियर महाराजपुरा में पुलिस टीम पर हमला कर फरार हुआ था। अब गुंडा जमानत पर जेल से बाहर निकला है। पुलिस का कहना है बदमाशों की पहचान हो गई। इनके भिंड और इटावा में ठिकाने पता चले हैं। पुलिस टीम रवाना की गई है। फिलहाल पुलिस ने भीमा यादव और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है पुलिस का कहना है आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।