Crime News : मध्य प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले का है।बुरहानपुर के बलवार टेकरी में 19 वर्षीय चेतन की हत्या कर शव ताप्ती किनारे श्मशान में गाड़ दिया गया। शिकारपुरा पुलिस ने मृतक के दो नाबालिग दोस्तों को हिरासत में लिया है। उनकी निशानदेही पर सीएसपी गौरव पाटिल ने टीम के साथ पहुंचकर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
बलवार टेकरी क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की हत्या कर शव जमीन में गाड़ने का मामला सामने आया। मृतक की पहचान चेतन के रूप में हुई है। शव ताप्ती नदी किनारे श्मशान घाट की जमीन में दबा मिला।
ऐसे हुआ खुलासा
सूचना मिलने पर शिकारपुरा थाना पुलिस ने मृतक के दो दोस्तों को अभिरक्षा में लिया। दोनों नाबालिग बताए जा रहे हैं। दोनों की निशानदेही पर ही सीएसपी गौरव पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खुदाई कराकर शव बाहर निकलवाया।
घटनास्थल पर लगा जमवाड़ा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। शव मिलने की खबर से श्मशान घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
क्यों हुई हत्या
एसपी आशुतोष बागरी के अनुसार फिलहाल शिकारपुरा पुलिस दोनों नाबालिगों से पूछताछ कर रही है। हत्या कब और किन कारणों से की गई, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत सभी एंगल से जांच कर रही है।
बस इतनी सी बात पर
आशुतोष बागड़ी, SP बुरहानपुर ने बताया कि
कल शिकारपुरा थाने में एक गुमशुदगी कायम हुई थी जिसमें कहा गया था कि एक 19 साल का युवक लापता है। वह शाम को घर नहीं पहुँचा था। मामले की जांच की जा रही थी और लोकेशन निकाली गई और यह देखा गया कि वह लास्ट समय किसके साथ देखा गया था तो दो लड़के थे जो उसके साथी हैं उनके साथ वह जाना पाया गया। बुलाकर पूछताछ की गई तो कहा हमारे साथ टॉयलेट गया था। बाद में वह अलग हो गया था। शंका होने पर फिर से बच्चों को बुलाकर पूछताछ की गई तो एक लड़का टूट गया। उसने कहा आपसी मनमुटाव था। इसलिए सिर पर हमला किया था तब मौत होने पर नाले किनारे गाड़ दिया। पीएम के लिए शव अस्पताल भेजा गया है।


