श्रीमद् भागवत कथा, देवी भागवत कथा और द्वादश ज्योतिर्लिंग कथा के कथावाचक डॉ. स्वामी इंद्रदेवेश्वरानंद सरस्वती (संत श्री इंद्रदेव महाराज) एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गए है । निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर और अपने क्रांतिकारी व मोटिवेशनल प्रवचनों के लिए जाने जाने वाले संत इंद्रदेव पर मुंबई की एक महिला ने यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के संगीन आरोप लगाए है । महिला की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है । महिला का आरोप है कि सत्संग में शामिल होने के बाद महाराज ने उसे लगातार फोन और वीडियो कॉल कर परेशान किया । आरोप के मुताबिक, जून 2024 और 29 नवंबर 2025 को आए वीडियो कॉल के दौरान महाराज नग्न अवस्था में थे और उन्होंने गुरुजी की आज्ञा है कहकर महिला को भी कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया और अश्लील बातचीत की । महिला ने शिकायत में बताया कि 4 नवंबर 2025 को जब वह अपनी बेटी के साथ वृंदावन स्थित सेवाधाम आश्रम पहुंची थी, तब रात करीब 10:30 बजे महाराज ने उसे अपने कमरे में बुलाया, दरवाजा बंद किया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए ।
सत्संग से शुरू हुई थी जान-पहचान
FIR के अनुसार पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक शांति के लिए उसने जनवरी 2023 में फेसबुक पर महाराज के वीडियो देखना शुरू किया था । टीवी पर मिले नंबर के जरिए वह 12 अप्रैल 2023 को मुंबई के सांताक्रुज में आयोजित सात दिवसीय सत्संग में पहुंची और 13 अप्रैल को दीक्षा ली । इसके बाद दिसंबर 2023 में निजी समस्याओं के समाधान के सिलसिले में महाराज से दोबारा संपर्क हुआ, जिसके बाद उत्पीड़न का यह सिलसिला शुरू हुआ ।
केस दर्ज और वर्तमान स्थिति
मामले में ठाणे के काशीमीरा थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है, जिसे आगे की कानूनी जांच के लिए वृंदावन स्थानांतरित कर दिया गया है । दूसरी ओर, इस मामले में कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है ।
वैसे इस मामले में इंद्रदेव महाराज ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा, मनगढ़ंत और धन उगाही व ब्लैकमेलिंग की साजिश करार दिया है ।
उज्जैन मे बन रहा है आश्रम
इंद्रदेव महाराज श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर है । उज्जैन में उनका आश्रम भूखी माता मंदिर रोड, उज्जैन पर बड़ा आश्रम और गौशाला बनवाई जा रही है । सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में साधु-संतों के स्थायी आश्रम बन रहे हैं, इसी कड़ी में इनका आश्रम भी बनाया जा रहा है ।

