प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। अगस्त माह की समीक्षा में उमरिया जिले ने 78.1 के कंपोजिट स्कोर के साथ पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। भारत सरकार व्दारा कलेक्टर राखी सहाय को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम एन ए एस सी काम्प्लेक्स नई दिल्ली में केन्द्रीय क़ृषि मंत्री एवं संबंधित मंत्रालय / विभागों के केंन्द्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत उमरिया जिले में कृषि क्षेत्र के साथ-साथ अन्य संबंधित सेक्टरों के किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि उत्पादकता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य विभाग, जिला पंचायत के ग्रामीण विकास विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा योजना के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है। योजना के माध्यम से जिले में कृषि उत्पादकता में सुधार, फसल विविधीकरण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि अधोसंरचना को मजबूत करने तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन और विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए उत्पादन एवं आय में वृद्धि की जा सके।जिले में दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

