Umaria News: चिल्हारी-बरदौहा मार्ग पर शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन पुलिया के पास लिप्टिस के पेड़ से जा टकराई।हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया,लेकिन जब सुबह ग्रामीणों ने मौके का मंजर देखा तो कहानी सिर्फ सड़क हादसे तक सीमित नहीं रही।स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर अमरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तो दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से आधे क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि हादसे के बाद वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो चुके थे।इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि वाहन में सवार लोग गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।बरामद स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नम्बर एचआर 51 सीडी1948 बताया जा रहा है, जो हरियाणा पासिंग का है।
इस मामले में सूत्रों की माने तो दुर्घटना ग्रस्त स्कार्पियो वाहन से करीब 60 किलो से अधिक गांजे के बरामदगी की खबर है।हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वाहन पर लगा नम्बर असली है या फर्जी,क्योंकि अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी में फर्जी नम्बर प्लेट का इस्तेमाल आम बात मानी जाती है।घटना के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति है।पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर गांजा जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।माना जा रहा है कि यह खेप किसी बड़े नेटवर्क के जरिए मध्यप्रदेश के रास्ते सप्लाई की जा रही थी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


