कलेक्टर राखी सहाय द्वारा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 अंतर्गत राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह बालक क्रीडा परिसर उमरिया 120 सीटर छात्रावास का निरीक्षण किया गया, जिसमें क्रीडा परिसर में कई जगह सीपेज की समस्या पायी गई तथा खेल मैदान में ट्रैक भी निर्मित नहीं पाया गया, इसी प्रकार उक्त परिसर हेतु जिम उपकरण, खेल सामग्री क्रय किये जाने के लिये राशि शेष है जिससे खेल सामग्री क्रय किया जाना भी नहीं पाया गया।
इस संबंध में दूरभाष पर संपर्क करने पर आपके द्वारा खेल सामग्री की सूची सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग से अप्राप्त होना बताया गया जबकि उपस्थित सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग उमरिया द्वारा पूर्व में ही सूची आपको प्रदाय किया जाना बताया गया। साथ ही आपको भली भांति ज्ञात है कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत सभी अधिकारियों को अपने विभागीय संरचनाओं व योजनाओ का निरीक्षण किया जाना है, इसके बावजूद भी आपके द्वारा कोई भी निरीक्षण किया जाना नहीं पाया गया।
इसी प्रकार उक्त भवन अभी पूर्णतः उपयोग में आने के पूर्व ही सीपेज जैसी समस्यायें आना भवन की गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह उठाता है। इससे स्पष्ट है कि शासन की योजनाओं एवं शासकीय दायित्वों का निर्वाहन में कोई रूचि नहीं ली जा रही है। शासन द्वारा उपलब्ध कराये गये इतने भव्य क्रीडा भवन के बावजूद भी खेल सामग्री न होने से बच्चों के प्रतिभाओं का विकास न होना, जहां एक ओर शासन की मंशा के विपरीत है वहीं दूसरी ओर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड करना है। यह स्थिति अत्यंत खेद जनक है।
आपका उक्त कृत्य वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश निर्देशों की अवेहलना एवं अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता एवं कर्तव्यविमुखता का परिचायक है जो म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 के विपरीत होकर कदा चरण की श्रेणी में आता है।
कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग पी आई यू दिलीप सिंह टेकाम को शो काज नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। समय सीमा में जवाब प्राप्त न होने पर एक पक्षीय कार्यवाही की जावेगी।


