नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रदेश की लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 41 वीं किश्त की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री आज 14 अक्टूबर को उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत गुरुवाही ग्राम में आयोजित लाड़ली बहना योजना सम्मेलन में सिंगल क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की किश्त की राशि अंतरित करेंगे। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,500 रुपये के मान से आर्थिक सहायता राशि अंतरित की जायेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे।
क्या होगा सीएम के आगमन का समय
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 अक्टूबर 2026 को उमरिया जिले के प्रवास पर रहेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता निभाएंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्लेन से प्रातः 11.50 बजे स्टेट हैंगर भोपाल से प्रस्थान करेंगे, दोपहर 12.25 बजे डुमना एयरपोर्ट जबलपुर पहुंचेंगे, हेलीकॉप्टर से दोपहर 12.35 बजे डुमना एयरपोर्ट जबलपुर से प्रस्थान करेंगे, दोपहर 1.10 बजे उमरिया जिले के गुरुवाही हेलीपैड पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता निभाएंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव दोपहर 3.45 बजे हेलीपैड गुरुवाही से डुमना एयरपोर्ट जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
सीएम के आगमन के दौरान जिलेभर से आने वाली बसों का आगमन पर मार्ग व्यवस्था रूट निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मध्यप्रदेश शासन के ग्राम गुरुवाही जिला उमरिया आगमन पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आमसभा कार्यक्रम में आने वाली बसों, चार पहिया, दो पहिया वाहनों का निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था निम्नानुसार है-
मानपुर की ओर से आने वाली बसें
मानपुर की ओर से कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु आने वाली समस्त बसौं दो पहिया-चार पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था ताला मोड़ से 100 मीटर पूर्व सड़क के दोनों ओर निर्धारित की गई है। उक्त पार्किंग स्थल से कार्यक्रम स्थल की दूरी लगभग 200 है।
उमरिया की ओर से आने वाली बसें
उमरिया की ओर से आने वाली समस्त बसों/दो पहिया-चार पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था कुचवाही रोड के दोनों ओर निर्धारित की गई है। उक्त पार्किंग स्थल से कार्यक्रम स्थल की दूरी लगभग 150 मीटर है।
अमरपुर एवं इंदवार की ओर से आने वाली बसें
उक्त मार्गों से आने वाली समस्त बसों की पार्किंग व्यवस्था गुरुवाही फारेस्ट बैरियर के पीछे से पतौर रोड पर रहेगी, उक्त पार्किंग भरने के पश्चात् बसें पतौर तिराहा से नरवार गांव होते हुए मानपुर रोड स्थित पार्किंग में पार्क होंगी तथा उक्त मार्ग से आने वाले दो पहिया एवं चार पहिया वाहन नरवार गांव से होते हुए मानपुर रोड स्थित पार्किंग पर आएंगे। उक्त पार्किंग स्थल से कार्यक्रम स्थल की दूरी लगभग 200 मीटर है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आगमन पर सिगुड़ी तिराहा, परासी गेट और पनपथा बैरियर से भारी वाहनों का डायवर्सन रहेगा।

