सिंगरौली : जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहपान गांव के जलहथनी टोला में मंगलवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच बड़ा हादसा हो गया। यहां एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मलबे के नीचे से लोगों की आवाजें सुनाई देने पर ग्रामीणों ने आनन-फानन में जेसीबी बुलवाई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
इस दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय अरुण विश्वकर्मा, उनकी 60 वर्षीय मां संतुलिया और अरुण की एक वर्षीय मासूम बेटी की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मलबे में दबने के बाद तीन अपने आप निकल गए उन्हें भी छोटे आई हैं और चार लोग मलबे में दबे रह गए। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को मलबे से बाहर निकाला गया। तीनों मृतकों के शव पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला ट्रामा सेंटर पहुंचाए गए हैं। वहीं, चारों गंभीर घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरा परिवार शाम को भोजन करने के बाद घर में सो रहा था, तभी रात करीब 8 से 9 बजे अचानक मकान भरभराकर गिर गया और देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। घटना को लेकर एसडीएम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
वही इस घटना को लेकर के सिंगरौली विधायक रामनिवास साह ने बताया कि हमने इस घटना की जानकारी सुबे के मुखिया डॉ मोहन यादव जी को दी है जिन्होंने इस घटना को लेकर उन्होंने अपना शौक व्यक्त किया और मृत्यु जो हो गए है उन्हें एक-एक लाख और घायलों को ₹25000 रु तुरंत सहायता राशि प्रदान करने की आदेश दिया है।
सिंगरौली से धर्मेंद्र साहू की रिपोर्ट !

