अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत, मानवीयता की मिसाल पेश कर मंत्री नागर सिंह चौहान ने अपने काफिले से भिजवाया अस्पताल
कटनी जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े, जबकि आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने संवेदनशीलता दिखाते हुए न सिर्फ अपना काफिला रुकवाया, बल्कि अपनी पायलटिंग गाड़ी से घायल को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
टक्कर मार कर वाहन चालक हुआ फरार
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुड़ा मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 43 की है। बुधवार शाम करीब 58 वर्षीय एक बुजुर्ग अपनी स्कूटी से जा रहे थे, तभी एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आरोपी वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर गाड़ी सहित नौ दो ग्यारह हो गया। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, घायल सड़क पर तड़प रहा था।
मंत्री नागर सिंह चौहान ने पेश की इंसानियत की मिसाल
उसी दौरान उमरिया की तरफ से कटनी की ओर जा रहे मध्य प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान का काफिला वहां से गुजर रहा था। सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े बुजुर्ग को देखकर मंत्री ने तत्काल अपने काफिले को रुकवाने के निर्देश दिए। समय की नजाकत को समझते हुए उन्होंने एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय अपनी सुरक्षा में तैनात पायलटिंग गाड़ी में घायल बुजुर्ग को रखवाया और तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा के लिए रवाना किया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पायलटिंग वाहन की मदद से घायल बुजुर्ग को बेहद कम समय में बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उनका परीक्षण किया, लेकिन दुर्भाग्यवश अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।
चंदिया निवासी हैं मृतक
अस्पताल और पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश के बाद मृतक की शिनाख्त परमेश्वर दत्त चतुर्वेदी के रूप में हुई है, जो कि चंदिया नगर, जिला उमरिया के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है।
जांच जारी
इस पूरे मामले में बड़वारा थाना प्रभारी के. के. पटेल ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के हर पहलू और कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी वाहन को जब्त कर लिया जाएगा।


