जिले में लगातार बढ़ते तापमान और ग्रीष्म ऋतु के प्रभाव को देखते हुए कलेक्टर राखी सहाय ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए शैक्षणिक संस्थाओं के संचालन समय में परिवर्तन किया है। जारी आदेश के अनुसार उमरिया जिले के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों का संचालन 18 अप्रैल से आगामी आदेश तक प्रातः 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक किया जाएगा।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयीन शैक्षणिक स्टाफ दोपहर 1.30 बजे तक संस्था में उपस्थित रहेगा तथा शेष शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संपादित किए जाएंगे। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं का संचालन पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही किया जाएगा। साथ ही मूल्यांकन एवं परीक्षा संबंधी अन्य कार्यों में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है और वे पूर्ववत समय पर संपन्न होंगे।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन से निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के साथ ही विद्यार्थियों को गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं।


