उमरिया जिले के मानपुर वन परिक्षेत्र में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आज दोपहर लगभग 12 से 1:00 के बीच बाघ ने एक ग्रामीण को हमला कर घायल कर दिया है। यह हमला तब हुआ जब फॉरेस्ट अमला मौके पर मौजूद था और लगातार बाघ की निगरानी कर रहा था।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि उमरिया जिले में बांधवगढ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर वन परिक्षेत्र अंतर्गत मानपुर नगर के वार्ड क्रमांक एक सेमरी में बाघ ने देर रात से डेरा जमाया हुआ है। बाघ की मौजूदगी खबर फॉरेस्ट डिपार्टमेंट को रात में ही हो गई थी और बाघ निगरानी भी की जा रही थी। लेकिन आज दोपहर 1:00 बजे के आसपास जैसे ही लोगों को बाघ की मौजूदगी की जानकारी लगी काफी संख्या में लोग बाघ को देखने के लिए वहां पहुंच गए। और फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की मौजूदगी में ही एक ग्रामीण बाघ के हमले में घायल हो गया है घायल ग्रामीण की पहचान शंकर पटेल के रूप में हुई है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर बफर अंकित सोनी से मिली जानकारी के अनुसार घायल ग्रामीण के पीठ पर और हाथ में हल्के-फुल्के बाघ के पंजे के निशान हैं घायल व्यक्ति को मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
बड़ा सवाल भीड़ क्यों हो नहीं पाई नियंत्रित
घटना के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा रहा है कि सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर मौजूद है लेकिन फॉरेस्ट अमला सीमित संख्या में वहां मौजूद है और ग्रामीणों को कंट्रोल करने में असमर्थ नजर आ रहा है। कुल मिलाकर अगर बाघ काफ़ी एग्रेसिव मूड में होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी और घायलों की संख्या भी बढ़ सकती थी ऐसे में अगर जब बाघ मौजूदगी की खबर रात से ही थी तो फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की यह लापरवाही काफी चिंताजनक है।


