उज्जैन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महाकाल थाना पुलिस ने 19 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 19 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है ।
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को टीम इलाके में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान जंगली पीर दरगाह, लालपुल के पास एक युवक संदिग्ध हालत में भागता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली तो उसके पास से MD ड्रग्स मिली ।
गिरफ्तार युवक की पहचान अजान खान उर्फ अजहान खान (19), निवासी नई सड़क, पीलू की मस्जिद के पीछे, थाना खाराकुआं, उज्जैन के रूप में हुई है। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया।
ड्रग्स कहां से आई, पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस अब युवक से पूछताछ कर रही है कि वह MD ड्रग्स कहां से लाया था और इसकी खरीद-फरोख्त में कौन-कौन शामिल है। पुलिस को मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटानी है।
इस कार्रवाई में महाकाल थाना प्रभारी निरीक्षक गगन बादल, प्रधान आरक्षक शैलेष योगी, प्रधान आरक्षक गोपाल सुरावत और आरक्षक यादवेन्द्र की भूमिका रही।

