शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मारपीट, पिस्टल से फायरिंग और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक बाल अपचारी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुलूस भी निकाला।
मामला 9 अक्टूबर की रात का है। फरियादी अजय पटेल अपने भाई अभिषेक पटेल के साथ फ्लावर डेकोरेशन का काम करता है। शिकायत के मुताबिक, पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने लक्ष्मीबाई मार्ग पर अजय पटेल को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान पिस्टल और लाठी-डंडों से डराया-धमकाया गया। आरोपियों ने 2 लाख रुपये की मांग की और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान पिस्टल से फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है।
घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में फरहान, तोफिक खान, अयान खान, नदीम कुरैशी, नारायण उर्फ आला बाथम और अयान अंसारी शामिल हैं। सभी उज्जैन के निवासी हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस की आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

