रतलाम दीनदयाल नगर थाने के मुख्य गेट पर दो बहनों द्वारा आत्मदाह का प्रयास करने और पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। इस हाईवोल्टेज ड्रामे और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला महामंत्री चेतन टांक सहित 6 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि चेतन टांक पर हत्या सहित अन्य गंभीर मामलों में पहले से 15 मामले दर्ज हैं
शहर के दीनदयाल नगर थाने में शुक्रवार रात दो बहनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। उन्होंने अपने ऊपर डीजल उड़ेलकर आत्महत्या का प्रयास किया। बीच-बचाव करने आए पुलिसकर्मियों के साथ आरोपियों ने झूमाझटकी और हाथापाई की थी। थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि युवती ने 8 अक्टूबर को उसके साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी।
चेतन टांक और भाई ने उकसाया था घटना के दौरान भाजपा नेता चेतन टांक और उसके भाई ने युवतियों को उकसाते हुए जोर-जोर से चिल्लाकर कहा कि माचिस जला। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवती के हाथ से माचिस छीन ली और अनहोनी टाल दी। इस दौरान आरोपियों ने विरोध किया और थाना प्रभारी के साथ झूमाझटकी करते हुए उन्हें नाखूनों से चोट पहुंचाई। पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता चेतन टांक, उसके भाई सहित दोनों बहनों, उनके पिता और भाई के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
चेतन टांक पर 15 से अधिक आपराधिक मामले हैं दर्ज
पुलिस के मुताबिक भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला महामंत्री चेतन टांक का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में 15 से अधिक गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। चेतन टांक पर हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखने और जुआ एक्ट जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि चेतन टांक के खिलाफ सर्वाधिक प्रकरण औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज हैं। देखते हैं अब कब तक टांक को पार्टी से बर्खास्त करती है।

